RBI Update: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक खाताधारकों को बड़ी राहत देते हुए केवाईसी (KYC) प्रक्रिया को पहले से कहीं ज्यादा सरल बना दिया है। अब बैंक ग्राहकों को अपने खाते की KYC अपडेट कराने के लिए बैंक की होम ब्रांच में जाकर लंबी कतारों में खड़ा होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट के जरिए होगा KYC अपडेट
RBI की नई गाइडलाइन के अनुसार अब बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) के जरिए भी केवाईसी अपडेट किया जा सकेगा। बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट में किराना दुकानदार, एनजीओ, स्वयं सहायता समूह (SHG) और माइक्रो फाइनेंस संस्थाओं (MFI) से जुड़े लोग शामिल किए गए हैं। यदि इन्हें बैंक से अधिकृत अनुमति मिल जाती है, तो ये भी ग्राहकों की KYC प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगे।
घर बैठे वीडियो कॉल से भी होगा काम
अब बैंक ग्राहकों को पहचान सत्यापन (Verification) के लिए वीडियो कॉल की सुविधा भी दी जा रही है, जिसे वीडियो-कस्टमर आइडेंटिफिकेशन प्रोसेस (V-CIP) कहा जाता है। यह सुविधा बुजुर्ग, एनआरआई और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
ऐसे होगी प्रक्रिया पूरी
अगर आपके पास इलेक्ट्रॉनिक बायोमेट्रिक सुविधा उपलब्ध है तो आप BC के जरिए e-KYC करवा सकते हैं। यदि ये सुविधा नहीं है, तो आप सेल्फ डिक्लेरेशन के साथ फिजिकल दस्तावेज भी जमा कर सकते हैं। BC द्वारा लिए गए दस्तावेज बैंक ब्रांच को भेजे जाएंगे और ग्राहक को एक रसीद दी जाएगी। इसके बाद बैंक KYC अपडेट करेगा और ग्राहक को सूचना देगा।
बंद पड़े खातों को भी मिलेगा नया जीवन
इस नई गाइडलाइन के तहत, उन खातों को फिर से चालू करना भी आसान हो गया है जो कई सालों से निष्क्रिय या बंद पड़े हैं। पहले जहां केवल होम ब्रांच से KYC संभव था, वहीं अब किसी भी शाखा या BC के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।