चंडीगढ़ :- हरियाणा में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले एक से दो दिनों में मानसून की औपचारिक एंट्री हो सकती है। फिलहाल मानसून उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पहुंच चुका है और अब धीरे-धीरे हिमाचल और उत्तराखंड की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच हरियाणा में भी 21 और 22 जून 2025 को जोरदार बारिश के साथ मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।

21 जून को इन जिलों में होगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 21 जून को हरियाणा के चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, कैथल, महेंद्रगढ़, रोहतक, जींद और भिवानी जैसे जिलों में भी कई जगहों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। वहीं, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
22 जून को भी बारिश का सिलसिला रहेगा जारी
22 जून को भी हरियाणा में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दिन भी चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में अधिकतर स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। अन्य जिलों जैसे कि कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में भी कई जगह बारिश हो सकती है। इस दो दिवसीय बारिश से पूरे राज्य में मौसम ठंडा हो सकता है और गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटे की बारिश के आंकड़े
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में औसतन 12.6 मिमी प्री-मानसून वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 403% अधिक है। इसके साथ ही जून महीने में अब तक कुल 27.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसतन से 13% अधिक मानी जा रही है।
किसानों को मिली राहत, धान की रोपाई में आएगी तेजी
इस बार मानसून की समय पर दस्तक से हरियाणा के किसान खासे उत्साहित हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्षा से धान की रोपाई में तेजी आएगी, जो पहले ही कई इलाकों में शुरू हो चुकी है। बारिश के चलते खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे मोटे धान की बुआई समय पर हो सकेगी। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे आने वाले दिनों में मौसम के अनुसार अपनी खेती की योजना बनाएं।