चंडीगढ़ :- हरियाणा में ग्रुप-सी की भर्तियों के लिए CET (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) का वन टाइम रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। लाखों युवा इस परीक्षा का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब इसी उत्साह का फायदा उठाने के लिए ऑनलाइन ठगों ने चालाकी से जाल बिछा दिया है।

क्या है मामला?
साइबर ठगों ने एक फर्जी वेबसाइट बना दी है जो पहली नजर में HSSC (हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन) की असली वेबसाइट जैसी लगती है। इस नकली पोर्टल पर दावा किया गया है कि अब तक 14 लाख से ज्यादा लोग इस पर विजिट कर चुके हैं, लेकिन आयोग के अनुसार यह संख्या झूठी है।
आधिकारिक आंकड़े क्या कहते हैं?
HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने जानकारी दी कि 5 जून की सुबह 11:54 बजे तक आयोग की असली वेबसाइट पर 33 लाख 8 हजार 84 विजिट हो चुकी थीं, जो इस फर्जी पोर्टल की तुलना में कहीं ज्यादा है।
कैसे पहचानें फर्जी वेबसाइट को?
-
नकली पोर्टल पर आवेदन शुरू करने से पहले ही फीस भरने का ऑप्शन दिखता है।
-
वेबसाइट पर एक महिला का नाम और बैंक अकाउंट दिखाई देता है, जिससे पैसा उसी के खाते में ट्रांसफर होता है।
-
जबकि असली वेबसाइट पर पूरी डिटेल भरने के बाद ही फीस जमा करने का विकल्प आता है।
शिकायत दर्ज, जांच शुरू
जब यह मामला हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के अधिकारियों के ध्यान में आया तो उन्होंने तुरंत पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर थाना में इसकी शिकायत दी। अब पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
HSSC का क्या कहना है?
HSSC के मेंबर भूपेंद्र चौहान ने बताया कि कुछ असामाजिक लोग युवाओं को ठगने के लिए नकली वेबसाइट बना रहे हैं। आयोग ने युवाओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही आवेदन करें और किसी भी अनजान लिंक या वेबसाइट पर अपनी जानकारी या पैसे शेयर न करें।